Bpc News Digital

  • अपनी भाषा चुनें

You are Visiters no

822062
हमें फॉलो करें

भाषा चुनें

हिंडन बैराज पुल पर सुरक्षा जाली और आरसीसी दीवार का निर्माण शुरू, राजेश गुप्ता ने अपने प्रयासों को बताया सफल, पर श्रेय कौन लेगा ?

BPC News National Desk
7 Min Read

हिंडन बैराज पुल पर सुरक्षा जाली और आरसीसी दीवार का निर्माण शुरू, राजेश गुप्ता ने अपने प्रयासों को बताया सफल

पुल की सुरक्षा को लेकर कई महीनों से उठाया जा रहा था मामला, अब शुरू हुआ स्थायी समाधान का कार्य

गाजियाबाद। हिंडन बैराज पुल की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। पुल पर सुरक्षा जाली लगाने और दोनों ओर मजबूत आरसीसी सुरक्षा दीवार के निर्माण का कार्य शुरू कर दिया गया है। लंबे समय से पुल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर क्षेत्रवासियों द्वारा चिंता जताई जा रही थी। भारतीय जनता पार्टी ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय सह प्रभारी एवं नीति एवं शोध विभाग से जुड़े राजेश गुप्ता का कहना है कि उनके द्वारा पिछले कई महीनों से लगातार किए गए प्रयासों के बाद अब इस समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में काम शुरू हुआ है।

राजेश गुप्ता ने बताया कि हिंडन बैराज पुल पर मजबूत सुरक्षा जाली और दोनों ओर सुरक्षा व्यवस्था की आवश्यकता को लेकर क्षेत्रवासियों की चिंताएं लगातार उनके संज्ञान में आ रही थीं। उन्होंने इस मुद्दे को केवल स्थानीय स्तर तक सीमित नहीं रखा, बल्कि संबंधित विभागों के अधिकारियों और शासन स्तर तक लगातार उठाया।

राजेश गुप्ता

ओखला से लेकर लखनऊ तक अधिकारियों से की मुलाकात

राजेश गुप्ता के अनुसार, हिंडन बैराज पुल की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत कराने के लिए उन्होंने कई स्तरों पर प्रयास किए। इस क्रम में वह ओखला बैराज पहुंचे और संबंधित उच्चाधिकारियों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर पुल की सुरक्षा से जुड़ी समस्या उनके सामने रखी।

इसके बाद कार्य में तेजी लाने के उद्देश्य से उन्होंने लखनऊ पहुंचकर उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री स्वतंत्र देव सिंह से भी मुलाकात की। राजेश गुप्ता का कहना है कि उन्होंने मंत्री को हिंडन बैराज पुल की स्थिति और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं की विस्तार से जानकारी दी। इसके अलावा उन्होंने अपनी मांग और सुझाव लिखित रूप से भी शासन तक पहुंचाए।

राजेश गुप्ता

यातायात व्यवस्था को लेकर भी रहे सक्रिय

पुल पर निर्माण कार्य के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखना भी एक बड़ी चुनौती है। इसे देखते हुए राजेश गुप्ता ने एडिशनल डीसीपी ट्रैफिक वरुण सिंह से मुलाकात कर आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया। उन्होंने निर्माण कार्य के दौरान वाहन चालकों को होने वाली संभावित परेशानियों और वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था पर भी चर्चा की।

इसके साथ ही राजेश गुप्ता संबंधित जूनियर इंजीनियर संजय सैनी से लगातार संपर्क में रहे और निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी लेते रहे। उन्होंने कई बार स्वयं हिंडन बैराज पुल का निरीक्षण भी किया। मौके की स्थिति को दर्शाते हुए वीडियो बनाकर अधिकारियों को भेजे गए और सुरक्षा व्यवस्था को तत्काल मजबूत किए जाने की आवश्यकता से उन्हें अवगत कराया गया।

दोनों ओर बनेगी एक मीटर ऊंची मजबूत आरसीसी सुरक्षा दीवार

राजेश गुप्ता ने बताया कि अधिकारियों के समक्ष रखे गए सुझावों के अनुरूप हिंडन बैराज पुल के दोनों ओर लगभग एक मीटर ऊंची मजबूत आरसीसी सुरक्षा दीवार तैयार की जाएगी। इसके ऊपर मजबूत लोहे की सुरक्षा जाली लगाई जाएगी।

इस व्यवस्था से पुल की सुरक्षा पहले की अपेक्षा अधिक मजबूत और टिकाऊ होने की उम्मीद है। राजेश गुप्ता का कहना है कि यह केवल अस्थायी समाधान नहीं है, बल्कि लंबे समय तक पुल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। आरसीसी दीवार और उसके ऊपर लगाई जाने वाली लोहे की जाली से भविष्य में सुरक्षा संबंधी समस्याओं की पुनरावृत्ति की संभावना कम होगी।

लगभग एक माह तक बंद रहेगा हिंडन बैराज पुल

निर्माण कार्य को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से पूरा करने के लिए हिंडन बैराज पुल को लगभग एक माह तक बंद रखा जाएगा। इस दौरान क्षेत्रवासियों और वाहन चालकों से प्रशासन द्वारा निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की गई है।

राजेश गुप्ता ने कहा कि कुछ समय के लिए लोगों को असुविधा जरूर होगी, लेकिन यह कार्य भविष्य की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से धैर्य बनाए रखने, यातायात नियमों का पालन करने और निर्माण कार्य को सफलतापूर्वक पूरा कराने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि थोड़े समय की असुविधा के बदले क्षेत्रवासियों को लंबे समय के लिए अधिक सुरक्षित हिंडन बैराज पुल मिलेगा।

अब श्रेय लेने को लेकर छिड़ी राजनीतिक चर्चा

हिंडन बैराज पुल की सुरक्षा व्यवस्था के निर्माण कार्य के साथ अब इसे लेकर राजनीतिक चर्चा भी तेज हो गई है। राजेश गुप्ता जहां दावा कर रहे हैं कि उनके अथक प्रयासों के बाद क्षेत्र की जनता को इस समस्या का समाधान मिला है, वहीं दूसरी ओर गाजियाबाद सदर विधायक संजीव शर्मा ने भी दो दिन पहले एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इस कार्य का श्रेय अपने प्रयासों को दिया है।

विधायक संजीव शर्मा

सदर विधायक संजीव शर्मा का दावा है कि हिंडन बैराज पुल पर होने वाला यह कार्य उनके अथक प्रयासों के बाद संभव हो पाया है। ऐसे में एक ही विकास कार्य को लेकर भाजपा के दो नेताओं के दावों ने राजनीतिक गलियारों में नई बहस छेड़ दी है।

हालांकि, दोनों नेताओं के दावों के बीच सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि हिंडन बैराज पुल की लंबे समय से चली आ रही सुरक्षा संबंधी समस्या के समाधान की दिशा में अब ठोस कार्य शुरू हो गया है। आखिरकार इस महत्वपूर्ण कार्य का श्रेय किसे मिलना चाहिए, इसका फैसला गाजियाबाद की जनता ही करेगी।

Share This Article
bpcnews.in is one of the fastest-growing Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India-based news and stories
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *