भारत के 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ RRTS कॉरिडोर के नमो भारत स्टेशनों ने भव्य और देशभक्ति से भरपूर रूप धारण कर लिया। स्टेशनों को केसरिया, सफेद और हरे रंग की तिरंगी रोशनी से सजाया गया, जिससे पूरा स्टेशन परिसर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया।
नमो भारत ट्रेनों और स्टेशनों में राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ की मधुर धुन गूंजी, जिसने यात्रियों को भावविभोर कर दिया। इस अवसर पर ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ भी मनाई गई। सार्वजनिक उद्घोष प्रणाली के माध्यम से ट्रेनों, प्लेटफॉर्म, वेटिंग एरिया और स्टेशन हॉल में यह गीत लगातार प्रसारित किया गया।

गाजियाबाद नमो भारत स्टेशन पर विशेष रूप से ‘वंदे मातरम् प्रदर्शनी’ का आयोजन किया गया, जिसमें इस ऐतिहासिक गीत के रचनाकार बंकिमचंद्र चटर्जी, स्वतंत्रता संग्राम में इसकी भूमिका और राष्ट्र निर्माण में इसके योगदान को डिजिटल डिस्प्ले, चित्रों और दस्तावेजों के माध्यम से दर्शाया गया।
एनसीआरटीसी (नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन) द्वारा आयोजित ‘गणतंत्र गौरव उत्सव’ कार्यक्रम इस आयोजन का मुख्य आकर्षण रहा। इसमें दिल्ली, गाजियाबाद और मेरठ के विभिन्न प्रतिष्ठित स्कूलों के छात्रों ने इंटर-स्कूल देशभक्ति गायन प्रतियोगिता में भाग लिया और सामूहिक रूप से देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियां दीं।
एनसीआरटीसी के निदेशकगण ने छात्रों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि नमो भारत स्टेशन को केवल परिवहन केंद्र नहीं बल्कि एक “सोशल और कल्चरल हब” के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से राष्ट्रभक्ति को बढ़ावा दिया जा सके।
तिरंगे की रोशनी, वंदे मातरम् की गूंज और युवा पीढ़ी की ऊर्जा से सजा यह गणतंत्र दिवस नमो भारत कॉरिडोर पर एक प्रेरणादायी और ऐतिहासिक अनुभव बन गया, जो विकसित भारत @2047 के संकल्प को साकार करता नजर आया।









