गाजियाबाद के विजय नगर क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। लंबे समय से पेयजल संकट से जूझ रहे विजय नगर के 10 वार्डों में अब जल्द ही गंगाजल की नियमित आपूर्ति शुरू होने जा रही है। महापौर सुनीता दयाल ने जानकारी देते हुए बताया कि लगभग 17 करोड़ रुपये की लागत से तैयार की गई 10 एमएलडी जलापूर्ति योजना का अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है और 6 में से 5 सीडब्ल्यूआर एवं ओवरहेड टैंकों तक पानी पहुंच चुका है। इन टंकियों पर ट्रायल भी शुरू कर दिया गया है।
महापौर ने कहा कि अगले सप्ताह के अंत तक योजना का लोकार्पण कर इसे जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। इसके बाद विजय नगर के लाखों लोगों को पेयजल की समस्या से राहत मिल सकेगी। गर्मी के मौसम में विजय नगर क्षेत्र में जल संकट गंभीर समस्या बना हुआ था। लोगों को पानी के लिए घंटों इंतजार करना पड़ता था और पार्षदों तथा अधिकारियों को लगातार शिकायतों का सामना करना पड़ रहा था।
महापौर के अनुसार, इस योजना के तहत गंगाजल प्लांट से 10 एमएलडी जलापूर्ति को विभिन्न वार्डों तक पहुंचाने के लिए नई पाइपलाइन बिछाई गई है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि जल निगम द्वारा कार्य को पूरा करने में काफी देरी की गई, जिसके चलते परियोजना समय पर पूरी नहीं हो सकी। देरी के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और एजेंसियों पर कार्रवाई की जाएगी तथा उनके भुगतान में कटौती भी की जाएगी।
इस परियोजना के अंतर्गत गुलाब टंकी और ओवरहेड टैंक से वार्ड 51, 55 और 23 को जलापूर्ति दी जाएगी। वहीं बी ब्लॉक टंकी से वार्ड 55 और 23, मिर्जापुर टंकी से वार्ड 15 और 48, सेक्टर-9 के के ब्लॉक टैंक से वार्ड 58, 03 और 25 तथा जे ब्लॉक टंकी से वार्ड 03 और 26 को पानी की आपूर्ति की जाएगी। इसके अलावा रोजवेल स्कूल स्थित टंकी और ओवरहेड टैंक का कार्य भी तेजी से चल रहा है, जिसे अगले 10 दिनों में पूरा कर लिया जाएगा।
महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि यह परियोजना विजय नगर क्षेत्र के लिए एक बड़ी सौगात है। इससे न केवल वर्तमान जल संकट समाप्त होगा, बल्कि भविष्य में भी क्षेत्र को पानी की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि जलापूर्ति व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सभी आवश्यक तकनीकी परीक्षण किए जा रहे हैं ताकि लोगों को बिना रुकावट स्वच्छ पेयजल मिल सके।
उन्होंने इस योजना को सफल बनाने में क्षेत्रीय पार्षदों, अधिकारियों और जनता के सहयोग की सराहना की। साथ ही विजय नगर की जनता को अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बहुत जल्द क्षेत्र के घरों तक गंगाजल पहुंचेगा और लोगों को गर्मी में पानी की किल्लत से राहत मिलेगी।
विजय नगर में शुरू होने जा रही यह नई जलापूर्ति योजना शहर के विकास और बेहतर नागरिक सुविधाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।








