Bpc News Digital

  • अपनी भाषा चुनें

You are Visiters no

820475
हमें फॉलो करें

भाषा चुनें

देहरादून में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई, 55 विभूतियां सम्मानित

BPC News National Desk
4 Min Read

होल्कर एजुकेशनल ट्रस्ट, देवी अहिल्याबाई होल्कर उत्सव समिति (उत्तराखण्ड) संयुक्त तत्वावधान में लोकमाता पुण्यश्लोक देवी अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाई गई। इस भव्य आयोजन में धार्मिक अनुष्ठानों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, सम्मान समारोह और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, समाजसेवियों, शिक्षाविदों तथा गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सौरभ बहुगुणा रहे। इस अवसर पर देवी अहिल्याबाई होल्कर उत्सव समिति द्वारा पद्म भूषण सम्मानित एवं उत्तराखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री तथा महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी का प्रथम नागरिक अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में लोकपाल सिंह उपस्थित रहे। वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रतिनिधि के रूप में डॉ. विनय कुमार रूहेला ने मुख्यमंत्री का संदेश उपस्थित जनसमूह को सुनाया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिल छतरी पाल महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय सिंह पाल ने की। इसके अलावा उत्तराखण्ड सरकार की उप सचिव ऋचा , पूर्व ब्लॉक प्रमुख खेम सिंह पाल सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षाविद और गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।

समारोह का शुभारंभ पार्थिव शिवलिंग पूजन, महारुद्राभिषेक, वैदिक मंत्रोच्चार, महाआरती एवं लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। पूरे वातावरण में आध्यात्मिक ऊर्जा और श्रद्धा का भाव देखने को मिला। वक्ताओं ने अपने संबोधनों में देवी अहिल्याबाई होल्कर के आदर्श शासन, न्यायप्रियता, महिला सशक्तिकरण, धर्म संरक्षण तथा जनकल्याणकारी कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

मुख्य अतिथियों ने कहा कि देवी अहिल्याबाई होल्कर भारतीय इतिहास की उन महान शासकों में शामिल हैं, जिन्होंने न्याय, सेवा, करुणा और धर्म के आधार पर आदर्श शासन की स्थापना की। उन्होंने देशभर के अनेक मंदिरों, घाटों और तीर्थस्थलों का पुनर्निर्माण एवं जीर्णोद्धार कराया, जिससे भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा को नई मजबूती मिली। उनका जीवन आज भी समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

कार्यक्रम का सबसे प्रमुख आकर्षण “देवी अहिल्याबाई होल्कर सम्मान समारोह” रहा। इस दौरान शिक्षा, चिकित्सा, सामाजिक सेवा, महिला सशक्तिकरण, संस्कृति, युवा विकास, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 55 विशिष्ट विभूतियों को सम्मानित किया गया। सम्मानित व्यक्तियों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनके योगदान की सराहना की गई।

इस अवसर पर एडिफाई वर्ल्ड स्कूल के शैक्षणिक सत्र 2025-26 के मेधावी विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। विद्यालय के टॉपर्स को उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए पुरस्कार देकर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। इसके साथ ही समर कैंप 2025-26 में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। विद्यार्थियों ने खेल, तैराकी, कला एवं शिल्प, व्यक्तित्व विकास और साहसिक गतिविधियों में अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। देशभक्ति, संस्कृति और सामाजिक संदेशों पर आधारित प्रस्तुतियों को दर्शकों ने खूब सराहा। समारोह के अंत में विशाल भंडारे (महाप्रसाद) का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और अतिथियों ने प्रसाद ग्रहण किया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन पर संयोजक एडवोकेट पंकज होल्कर, अनिल कुमार पाल, डी.के. पाल, राजेश पाल, सुभे सिंह पाल, शशांक पाल, बबलू पाल, एडवोकेट ओम प्रकाश पाल सहित आयोजन समिति के सदस्यों ने सभी अतिथियों, सम्मानित विभूतियों, विद्यार्थियों एवं उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रदीप गौड़ ने भी सभी प्रतिभागियों और अतिथियों के सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। यह आयोजन लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने और समाज में सेवा, संस्कार एवं राष्ट्रनिर्माण की भावना को मजबूत करने का प्रेरणादायी प्रयास साबित हुआ।

Share This Article
bpcnews.in is one of the fastest-growing Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India-based news and stories
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *