ब्रिटिश लाइफस्टाइल ब्रांड कार्लटन लंदन ने ईजीबी ग्रुप के साथ साझेदारी कर भारत में “कार्लटन लक्ज़री फर्नीचर” लॉन्च किया है। यह साझेदारी भारत के तेजी से बढ़ते होम इंटीरियर्स और लक्ज़री फर्नीचर बाजार में बड़ा कदम मानी जा रही है।
कंपनी का उद्देश्य केवल लक्ज़री फर्नीचर बेचना नहीं, बल्कि ग्राहकों को टिकाऊ और जिम्मेदार जीवनशैली की ओर प्रेरित करना भी है।
300 शहरों में खुलेंगे 600 शोरूम
कंपनी ने अगले पांच वर्षों में भारत के 300 प्रमुख शहरों में 600 फ्रेंचाइज़ शोरूम खोलने की योजना बनाई है। यह विस्तार पूरी तरह फ्रेंचाइज़ आधारित मॉडल पर होगा, जिससे छोटे और मध्यम कारोबारियों को भी बड़े व्यापारिक अवसर मिलेंगे।
इस परियोजना में लगभग 1800 करोड़ से 2000 करोड़ रुपये तक के निवेश का अनुमान लगाया गया है। कंपनी के अनुसार इससे करीब 12 हजार लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है।
MSME और ‘Made in India’ को मिलेगा बढ़ावा
कंपनी ने कहा कि इस विस्तार योजना में MSME और SME सेक्टर की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। स्थानीय सप्लाई चेन, निर्माण इकाइयों और वितरण नेटवर्क को जोड़कर “मेड इन इंडिया” मॉडल को मजबूती दी जाएगी।
इससे घरेलू उद्योगों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और व्यापार के नए अवसर पैदा होंगे।
सस्टेनेबिलिटी मॉडल पर फोकस
कार्लटन लक्ज़री फर्नीचर “जिम्मेदार लक्ज़री” की अवधारणा पर आधारित है। कंपनी का लक्ष्य हर वर्ष लगभग 16 हजार किलोग्राम कार्बन फुटप्रिंट कम करना है।
इसके लिए टिकाऊ मटेरियल, बेहतर उत्पादन प्रक्रिया, स्मार्ट लॉजिस्टिक्स और लंबे समय तक चलने वाले प्रोडक्ट डिजाइन पर फोकस किया जाएगा।
डॉ. इरफान खान ने क्या कहा
ईजीबी ग्रुप के फाउंडर और चेयरमैन डॉ. इरफान खान ने कहा कि भारत में फर्नीचर उद्योग लंबे समय तक अल्पकालिक उपयोग और तेजी से बदलती खपत पर आधारित रहा है।
उन्होंने कहा कि अब समय टिकाऊ और पर्यावरण-अनुकूल उत्पादों की ओर बढ़ने का है। कंपनी ऐसा फर्नीचर तैयार कर रही है जो 10 से 15 वर्षों तक इस्तेमाल किया जा सके।
कार्ल विर्क बोले- गुणवत्ता और डिजाइन पर रहेगा फोकस
कार्ल विर्क ने कहा कि कार्लटन लंदन हमेशा से बेहतर डिजाइन, उत्कृष्ट शिल्प कौशल और गुणवत्ता के लिए जाना जाता रहा है।
उन्होंने कहा कि अब यही विरासत भारतीय बाजार में लाई जा रही है और कंपनी का फोकस प्रीमियम क्वालिटी के साथ “मेड इन INDIA” उत्पादन को बढ़ावा देना है।
लॉन्च हुआ प्रीमियम फर्नीचर कलेक्शन
कंपनी ने अपने फर्नीचर कलेक्शन में क्लासिक चेस्टफ़ील्ड सोफा, हाई-बैक चेयर, मॉडर्न डाइनिंग सेट और कस्टम स्टोरेज समाधान पेश किए हैं।
इन उत्पादों को पारंपरिक और आधुनिक दोनों तरह के इंटीरियर को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। कंपनी का दावा है कि सभी उत्पादों में प्रीमियम और क्रूरता-मुक्त सामग्री का उपयोग किया गया है।
फर्नीचर बायबैक प्रोग्राम भी शुरू
कंपनी ने भारत में अपनी तरह का पहला “बायबैक प्रोग्राम” शुरू करने की घोषणा भी की है।
इसके तहत ग्राहक इस्तेमाल किया हुआ फर्नीचर वापस कर सकेंगे और बदले में उन्हें मुआवजा मिलेगा। बाद में इन उत्पादों को रिफर्बिश कर दोबारा बाजार में उतारा जाएगा।
विशेषज्ञों का मानना है कि तेजी से बढ़ते शहरीकरण और प्रीमियम लाइफस्टाइल की मांग को देखते हुए यह साझेदारी भारत के फर्नीचर उद्योग में बड़ा बदलाव ला सकती है।






