गाजियाबाद। बरसात के मौसम को देखते हुए गाजियाबाद नगर निगम ने शहरभर में नाला सफाई अभियान तेज कर दिया है। नगर निगम स्वास्थ्य विभाग द्वारा पांचों जोन में बड़े स्तर पर नालों और पुलियाओं की सफाई कराई जा रही है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य मलिक के निर्देश पर निगम अपने संसाधनों का उपयोग करते हुए युद्धस्तर पर सफाई कार्य करवा रहा है, ताकि बारिश के दौरान जलभराव जैसी समस्याओं से लोगों को राहत मिल सके।
मशीनों से हो रही बड़े और छोटे नालों की सफाई
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार शहर के बड़े और छोटे नालों की सफाई अभियान के रूप में कराई जा रही है। सफाई कार्य की निगरानी स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी लगातार मौके पर पहुंचकर कर रहे हैं।
बड़े नालों की सफाई के लिए बड़ी पोर्कलेन मशीन और बड़ी जेसीबी मशीनों का उपयोग किया जा रहा है, जबकि छोटे नालों की सफाई के लिए छोटी पोर्कलेन मशीनें लगाई गई हैं। निगम का उद्देश्य है कि बारिश से पहले सभी प्रमुख नालों की सफाई पूरी कर ली जाए ताकि जल निकासी व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
मोहन नगर और सिटी जोन में तेजी से चल रहा काम
नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मितलेश ने बताया कि मोहन नगर जोन में शालीमार गार्डन, गणेशपुरी, कुटी रोड, जवाहर पार्क अर्थला और पसौंडा क्षेत्र में नाला सफाई का कार्य तेजी से चल रहा है।
वहीं सिटी जोन में केला भट्टा, नंदग्राम मेन रोड, पंचवटी और राकेश मार्ग स्थित नालों की सफाई कराई जा रही है।
कविनगर और विजयनगर जोन में भी अभियान जारी
इसी प्रकार कवि नगर जोन के रईसपुर, राजनगर, रजापुर और संजयनगर क्षेत्रों में भी सफाई अभियान जारी है।
विजयनगर जोन में क्रॉसिंग रिपब्लिक, डूंडाहेड़ा, गौशाला फाटक, सर्वोदय नगर और प्रताप विहार सम्राट चौक में नालों के साथ पुलियाओं की भी सफाई की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि कई स्थानों पर वर्षों से जमी गाद और कचरे को मशीनों के जरिए निकाला जा रहा है।
वसुंधरा और इंदिरापुरम में भी सफाई अभियान
वसुंधरा और इंदिरापुरम जोन में भी अभियान लगातार जारी है। वसुंधरा सेक्टर-1, कनवानी पुलिया, सेक्टर-2, वैशाली सेक्टर-4 और कौशांबी क्षेत्र में नालों की सफाई कराई जा रही है।
वहीं इंदिरापुरम क्षेत्र के अभय खंड और अहिंसा खंड में भी सफाई कार्य तेजी से चल रहा है। नगर निगम का दावा है कि सभी जोनों में प्रतिदिन मॉनिटरिंग की जा रही है और संबंधित अधिकारियों को कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
ट्रैफिक और आम जनता की सुविधा का रखा जा रहा ध्यान
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कहा कि फिलहाल नगर निगम अपने उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से सफाई कार्य करा रहा है। आवश्यकता पड़ने पर आगे निविदा प्रक्रिया के तहत अतिरिक्त संसाधनों की व्यवस्था भी की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सफाई कार्य के दौरान आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है। ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित न हो और लोगों की आवाजाही सुचारु बनी रहे, इसके लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।
नालों से निकली सिल्ट तुरंत हटाने के निर्देश
नगर आयुक्त ने यह भी स्पष्ट किया कि नाला सफाई के साथ-साथ पुलियाओं की सफाई पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है ताकि पानी का प्रवाह बाधित न हो।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि नालों से निकलने वाली सिल्ट और कचरे को उसी दिन उठाया जाए। सिल्ट हटाने में देरी होने पर दोबारा गंदगी नालों में जाने का खतरा बना रहता है, जिससे सफाई अभियान का उद्देश्य प्रभावित हो सकता है।
जलभराव मुक्त शहर बनाने पर फोकस
नगर निगम का कहना है कि शहर को जलभराव मुक्त बनाने और स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। आने वाले दिनों में अन्य क्षेत्रों में भी इसी तरह व्यापक स्तर पर नाला सफाई का कार्य कराया जाएगा, ताकि मानसून के दौरान नागरिकों को राहत मिल सके।









